झुंझूनू : रक्षाबंधन पर बहन ने पेश की अनूठी मिसाल, छोटे भाई को किडनी देकर बचाई उसकी जान
By: Ankur Mon, 23 Aug 2021 12:31:26
जिले में रक्षाबंधन का एक मार्मिक नजारा सामने आया जिसे जान सभी की आंखें नम हो गई। रक्षाबंधन पर भाई अपनी बहन की रक्षा करने का वादा करता हैं, लेकिन यहां एक बहन ने भाई को किडनी देकर उसके जीवन की रक्षा की। मामला झुंझूनू के खेतड़ी नगर का हैं। खेतड़ी उपखंड के डाडा फतेहपुरा की महिला ने रक्षाबंधन से महज 4 दिन पहले छोटे भाई को किडनी देकर बचा लिया। दोनों ने राखी भी दिल्ली के अपोलो अस्पताल में ही मनाई। गुड्डी देवी और सुंदरसिंह चार भाई और तीन बहन हैं। सुंदर सिंह सबसे छोटे हैं। वहीं गुड्डी देवी उनसे बड़ी हैं। दो भाई आर्मी में हैं। इसलिए वे किडनी नहीं दे सकते। सुंदरसिंह की पत्नी बीपी और शुगर की मरीज है। इसलिए वो भी नहीं दे सकीं।
खेतड़ी महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष गुड्डी देवी (49) ने अपने छोटे भाई खुडाना महेंद्रगढ़ निवासी सुंदरसिंह (47) को किडनी दी है। गुड्डी देवी ने बताया कि सुंदरसिंह की तबीयत खराब हो गई थी। इसके चलते दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल में जांच कराई। पता चला दोनों किडनी खराब हैं। जल्द ही नहीं बदली तो भाई की जान को खतरा हो सकता है। गुड्डी देवी ने 19 अगस्त को अपने भाई को किडनी दी। 2 महीने पहले पता चला था कि सुंदरसिंह की दोनों किडनी फेल हो चुकी है। जांच कराई तो उनकी बड़ी बहन गुड्डू देवी की किडनी डोनेट करने के लिए मैच कर गई। बहन ने भी किडनी डोनेट करने की इच्छा जताई थी।
गुड्डी देवी ने अस्पताल में ही भाई की कलाई पर राखी बांध कर लम्बी उम्र की प्रार्थना की। फिलहाल दोनों दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती हैं। पूरे अस्पताल में बहन-भाई के अटूट प्यार और त्याग की भावना की चर्चा है।
ये भी पढ़े :
# फवाद आलम ने इस मामले में पुजारा को पछाड़ा, डेरैन सैमी के हिसाब से यह देश जीतेगा T20 विश्व कप
# जोधपुर : मुंह बोली बहन बनकर जीता व्यवसायी का विश्वास, बेहोशकर बनाया आपत्तिजनक वीडियो, किया ब्लैकमेल